बिलासपुर पुलिस ने ढूंढ निकाले 100 गुम हुए मोबाइल, मालिकों को लौटाने पर हुई प्रशंसा
‘आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास’ अभियान के तहत 16 लाख रुपये कीमत के फोन बरामद, साइबर सुरक्षा पर लोगों को दी गई सलाह
बिलासपुर। पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों से गुम हुए 100 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटा दिए हैं। ये मामले विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज थे। मोबाइल की कीमत कुल मिलाकर लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस सफलता के पीछे सीनियर एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा शुरू किया गया अभियान ‘आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास’ है। इस अभियान के तहत पुलिस ने एसीसीयू (साइबर सेल) और बिलासपुर पुलिस के थानों के संयुक्त प्रयास से गुम मोबाइल फोन अलग-अलग राज्यों से बरामद किए। इनमें छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र से भी फोन शामिल थे।
फोन लौटाने की प्रक्रिया में मालिकों को थाने बुलाया गया और उन्हें उनके मोबाइल सौंपे गए। इस अवसर पर एसीसीयू बिलासपुर के उप निरीक्षक प्रभाकर तिवारी ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, वीडियो कॉलिंग के माध्यम से सेक्सटॉर्शन, वॉट्सऐप डीपी बदलकर ठगी, बिटकॉइन और टूरिज्म प्लान के नाम पर धोखाधड़ी, कस्टमर केयर फ्रॉड और ऑनलाइन लोन ऐप से होने वाली ठगी जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी।
इस अभियान ने न केवल लोगों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि पुलिस की तत्परता और सफलता की भी प्रशंसा कराई।
