ईडी की सबसे बड़ी कार्रवाई, 28 शहरों में छापेमारी – रायपुर ज़ोनल कार्यालय जांच में देशभर से आगे, अवैध बेटिंग के जाल से हज़ारों करोड़ का खुलासा।
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने साइबर अपराध और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े मामले में 8,000 करोड़ रुपए से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का खुलासा हुआ है। ईडी की जांच में सामने आया है कि मास्टरमाइंड्स विदेश में बैठकर हवाला और क्रिप्टो चैनलों के जरिए धन को बाहर भेज रहे हैं।
ईडी की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 28,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध कमाई की पहचान हो चुकी है। चल रही जांच में 8,500 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां अटैच की गई हैं, जबकि 106 आरोपियों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। केवल महादेव एप केस में ही 160 से ज्यादा छापेमारी हुई है, जिसमें 19 करोड़ रुपए नकद, 17 करोड़ रुपए के गहने और 2,311 करोड़ रुपए बैंक/डीमैट खातों से जब्त किए गए हैं।
रायपुर ज़ोनल कार्यालय इस मामले की अगुवाई कर रहा है और देशभर के ईडी कार्यालयों की तुलना में संपत्तियां अटैच करने में सबसे आगे है। वहीं मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद कार्यालय भी अलग-अलग बड़े मामलों की जांच कर रहे हैं।
महादेव एप मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सूत्रों के मुताबिक मास्टरमाइंड्स को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पित कराने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। ईडी का मानना है कि यह मामला न केवल देश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुँचा रहा है बल्कि समाज के कमजोर तबकों को भी बर्बाद कर रहा है।
