अंबिकापुर में बेकाबू रफ्तार का कहर: भीषण भिड़ंत में युवक की मौत, घायल को ग्रामीणों ने बीच सड़क पर घसीटकर पीटा!

अंबिकापुर में बेकाबू रफ्तार का कहर: भीषण भिड़ंत में युवक की मौत, घायल को ग्रामीणों ने बीच सड़क पर घसीटकर पीटा!

दरिमा रोड पर दो बाइकों की टक्कर—विधायक रामकुमार टोप्पो ने काफिला रोक घायलों की मदद कर पेश की मानवता की मिसाल

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरिमा रोड पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद हंगामा

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने गुस्से में बाइक पर पीछे बैठे युवक को बीच सड़क पर घसीटकर बेरहमी से पीटा। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक की पहचान ग्राम कटकालो निवासी के रूप में की है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

विधायक ने की मदद

इस बीच, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने इंसानियत की मिसाल पेश की। दरअसल, वे दुर्गा पूजा कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी उनका काफिला उसी मार्ग से गुजरा। हादसा देख उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घायल युवक को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचवाया।

पुलिस जांच जारी

दरिमा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी हादसे के सटीक कारण और बाइक सवारों की लापरवाही की पड़ताल कर रहे हैं।

यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि तेज रफ्तार और लापरवाही किस तरह से सड़क पर मौत को न्यौता दे रही है।