सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग और हाथी मित्र दल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध साल की लकड़ी से भरे वाहन को पकड़ते हुए विभाग ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
कैसे हुआ खुलासा?
वन विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम झींगादोहर के पंडोपारा इलाके में एक वाहन में अवैध लकड़ी लोड की जा रही है। जानकारी मिलते ही मुख्य वन संरक्षक और वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
तलाशी में क्या मिला?
तलाशी के दौरान टीम ने वाहन से 19 नग साल की लकड़ी के चिरान बरामद किए। इसके अलावा आसपास के गन्ना और मक्का के खेतों की जांच की गई, जहां से और 23 नग लकड़ी के चिरान बरामद हुए।
कुल मिलाकर 42 नग साल की अवैध लकड़ी जब्त की गई।
कानूनी कार्रवाई
वन विभाग ने इस मामले में वन अधिनियम, 1927 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
