हीरे की तस्करी का भंडाफोड़: गरियाबंद में तीन गिरफ्तार, 6 नग हीरे और मोबाइल जब्त
जिला अस्पताल के सामने चल रही 30 हजार की डील पर पुलिस की दबिश, आरोपियों से 45 हजार का माल बरामद
गरियाबंद। जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरे की तस्करी का खुलासा किया है। जिला अस्पताल के सामने 30 हजार रुपये में हो रही सौदेबाजी को नाकाम करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 6 नग हीरे, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
28 सितंबर को थाना गरियाबंद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अस्पताल के सामने खड़ा एक व्यक्ति अपनी जेब में हीरे छिपाए हुए है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। गवाहों की मौजूदगी में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
जेब से मिले हीरे
तलाशी लेने पर आरोपी जैन नेताम की जेब से सफेद कागज में लिपटे 6 चमकीले पत्थर बरामद हुए। मौके पर बुलाए गए खनिज निरीक्षक ने उन्हें हीरा जैसा प्रतीत होना दर्ज किया। जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये आंकी गई।
अन्य सामान भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों से Redmi, Nothing और Realme कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके।
