बिलासपुर। नवरात्र महोत्सव के बीच बिलासपुर में गुरुवार की रात बॉलीवुड ग्लैमर का तड़का लग गया। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित जलसा द डांडिया शो में जब मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंच पर पहुंचीं, तो मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।
फैंस की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि मैदान में कदम रखने तक की जगह मुश्किल से मिल रही थी। इसी बीच जब तमन्ना ने माइक थामकर जोरदार आवाज़ में कहा – “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया”, तो पूरा मैदान झूम उठा और दर्शक ‘जय माता दी’ के जयकारों में खो गए।
तमन्ना ने कहा कि बिलासपुर का यह शो हमेशा उनकी यादों में रहेगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि “मैं तो मुंबई से यहां सिर्फ आप सबसे मिलने आई हूं… आज मेरी तमन्ना पूरी हो गई।”
इस बार नवरात्र पर 25 फीट ऊंची दुर्गा प्रतिमा और भव्य पंडाल देखने के लिए पूरे प्रदेश से लोग बिलासपुर पहुंचे हैं। अरपा तट पर लेजर लाइट शो, झूले, झांकियां और मेला पहले ही भीड़ खींच रहे थे, लेकिन जब तमन्ना भाटिया मंच पर उतरीं, तो मानो पूरा बिलासपुर उसी पल थिरक उठा।
