रायगढ़। छाल पुलिस ने एक अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। 26 वर्षीय शारदा श्रीवास की मौत जिसे पहले आकस्मिक बीमारी समझा गया था, दरअसल उसके अपने पति की बेरहमी का नतीजा निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब मौत की वजह हत्या (Homicidal Death) सामने आई तो पुलिस ने केस को नए सिरे से खंगाला और आखिरकार असल कातिल तक पहुंच गई।
मौत का रहस्य और खुलासा
6 सितंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने पर शारदा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला 23 सितंबर को थाना छाल पहुंचा, जहां थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया — मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि हत्या है।
पति का खौफनाक कबूलनामा
पुलिस ने संदेह के घेरे में आए पति धनेश्वर श्रीवास से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने कंपकपा देने वाला सच कबूल कर लिया। उसने बताया कि 3 सितंबर की रात खाने को लेकर हुए विवाद में उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की। गंभीर चोटों के चलते उसकी हालत बिगड़ गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ क्राइम सीन री-क्रिएशन कराया, सबूत जुटाए और आरोपी के कबूलनामे की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। इसके बाद धनेश्वर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की सफलता
इस सनसनीखेज खुलासे में एसपी दिव्यांग पटेल और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
