छत्तीसगढ़ का नाम होगा रोशन! पहली बार अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड के लिए नामांकित हुआ राज्य निर्वाचन आयोग

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। राज्य निर्वाचन आयोग को स्थानीय निकाय चुनाव 2025 के उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित अवार्ड्स में नामांकित किया गया है। संयुक्त राष्ट्र लोक प्रशासन नेटवर्क (UNPAN) की शोध संस्था International Centre for Parliamentary Studies (ICPS) ने आयोग को अवार्ड हेतु चुना है।

 पारदर्शिता और नवाचार का मिला इनाम

आयोग को यह नामांकन पारदर्शिता, दक्षता और नवाचारपूर्ण चुनाव प्रबंधन के लिए मिला है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के नेतृत्व में नगरपालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को एक साथ कराने की पहल को ICPS ने “उत्कृष्ट उपलब्धि” मानते हुए आयोग को विजेता अवार्ड या फिर Special Recognition for Outstanding Achievement Award के लिए नामांकित किया है।

 अंतर्राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़

ICPS, जो संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की सहयोगी संस्था है, लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर शोध और अध्ययन करती है। इस बार अवार्ड वितरण कार्यक्रम 1 से 4 अक्टूबर 2025 तक बोत्सवाना की राजधानी गेब्रोन में होगा। इसमें छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधित्व सचिव सुखनाथ अहिरवार और उप सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव करेंगे।

 क्यों है यह खास?

छत्तीसगढ़ को इस अवार्ड के लिए नामित किया जाना सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह संदेश है कि भारत के चुनाव प्रबंधन की दक्षता और पारदर्शिता अब पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल बन चुकी है।