रायपुर/दिल्ली। त्योहारों के मौसम में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी आ सकती है। सरकार जल्द ही महंगाई भत्ता (DA Hike) और महंगाई राहत (DR Hike) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, दिवाली से पहले कर्मचारियों को बड़ा तोहफ़ा मिलने के पूरे आसार हैं।
केंद्रीय कर्मचारी और श्रमिक परिसंघ ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर जल्द से जल्द निर्णय लेने की मांग की है। दरअसल, डीए और डीआर साल में दो बार संशोधित होते हैं। इस साल जनवरी से पहला इजाफा लागू किया जा चुका है, लेकिन 1 जुलाई से प्रभावी होने वाला दूसरा संशोधन अब तक अटका हुआ है।
अगर रिपोर्ट्स की मानें तो सरकार इस बार 3% की बढ़ोतरी कर सकती है। इसका मतलब है कि केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% तक जा सकता है। अगर यह फैसला होता है, तो 50 लाख से ज्यादा कर्मचारी और करीब 65 लाख पेंशनर्स सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
हालांकि अभी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अनुमान यही लगाया जा रहा है कि सितंबर के आखिरी हफ्ते में इसका ऐलान हो सकता है और अक्टूबर के पहले सप्ताह में कर्मचारियों को तीन महीने का बकाया भी मिल सकता है।
