नवरात्र की भीड़ बनी आफ़त: एंबुलेंस तक फंसी जाम में, घंटों थमीं सड़कों पर साँसें…

बिलासपुर। नवरात्र महोत्सव की धूम इस बार श्रद्धालुओं के साथ-साथ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए किसी भयावह परीक्षा से कम नहीं साबित हो रही है। हजारों की भीड़, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़कों पर रेंगते वाहनों ने हालात ऐसे बना दिए कि लोगों की सांसें जाम में अटक गईं।

बीती रात स्थिति भयावह हो गई जब रामसेतु पुल पर वाहनों की अंतहीन कतार में एक एंबुलेंस तक फंस गई। मौके पर मौजूद ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे और उनकी टीम ने तत्परता दिखाई, भीड़ को हटाकर किसी तरह एंबुलेंस को रास्ता दिलवाया और उसे सुरक्षित सिम्स अस्पताल पहुंचाया। थोड़ी भी देर होती तो नतीजा बेहद गंभीर हो सकता था।

गोंड़पारा स्थित भव्य दुर्गा पंडाल भीड़ का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है। लाइट शो, मीना बाजार और सांस्कृतिक आयोजनों ने आकर्षण तो बढ़ाया, लेकिन पार्किंग की अव्यवस्था और सड़कों पर खड़े वाहनों ने पूरे शहर की रफ्तार को जकड़ लिया।

ऐसे हालात हैं कि सामान्य दिनों का 5 मिनट का रास्ता अब 25 मिनट में तय हो रहा है। सरकंडा, रामसेतु और गोंड़पारा से लेकर जूनीलाइन और मारवाड़ी लाइन तक हर गली और सड़क पर मानो वाहनों का समुद्र उमड़ पड़ा हो।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी वाहन लेकर न जाएं और पार्किंग नियमों का पालन करें। लेकिन सवाल यह है कि अगर भीड़ और वाहनों पर नियंत्रण नहीं रखा गया, तो आने वाले दिनों में यह जाम किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकता है।