पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने भारत के साथ रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। दोहा में आयोजित ‘अरब-इस्लामिक आपात सम्मेलन’ के दौरान अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में डार ने कहा कि पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसियों, जिनमें भारत भी शामिल है, से मैत्रीपूर्ण संबंध चाहता है। हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी चेतावनी दी कि पाकिस्तान “अपनी संप्रभुता से कभी समझौता नहीं करेगा।”
इशाक डार ने बताया कि भारत ने अब तक हर बार स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के बीच सभी विवाद “द्विपक्षीय मुद्दे” हैं और इनमें किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने याद दिलाया कि 25 जुलाई को जब वे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मिले थे, तब भी यही बात दोहराई गई थी कि भारत तीसरे पक्ष की दखलंदाजी को पूरी तरह खारिज करता है।
परमाणु हथियार पर इशाक डार का संकेत
इंटरव्यू के दौरान जब पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को लेकर सवाल पूछा गया, तो डार ने सीधा संकेत देते हुए कहा कि पाकिस्तान किसी भी कीमत पर अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करेगा। उन्होंने साफ किया कि “अगर पाकिस्तान की अस्तित्व या संप्रभुता को खतरा हुआ, तो हर विकल्प हमारे पास मौजूद है।” यही बयान भारत के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के संदर्भ में देखा जा रहा है।
बातचीत का रास्ता ही समाधान
डार ने यह भी कहा कि पाकिस्तान हमेशा से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है। लेकिन इसके लिए सभी पक्षों की “ईमानदारी और गंभीरता” जरूरी है। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान बातचीत के लिए तैयार है, मगर सम्मान और संप्रभुता पर कोई समझौता संभव नहीं है।
इजराइल-फिलिस्तीन मुद्दे पर टिप्पणी
इशाक डार ने साक्षात्कार के दौरान कतर और फिलिस्तीन के खिलाफ इजराइल की आक्रामकता की भी निंदा की और कहा कि मुस्लिम देशों को इस मामले में एकजुट होकर कदम उठाने की जरूरत है।
