मर्सिडीज से BMW तक 10 लाख तक सस्ती! लग्जरी कारों पर बदला GST, ग्राहकों को बड़ा फायदा

नई दिल्ली। त्योहारों से पहले लग्जरी कार खरीदने का सपना देखने वालों के लिए खुशखबरी है। जीएसटी काउंसिल ने टैक्स ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। अब मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, ऑडी और जगुआर लैंड रोवर जैसी लग्जरी कारों पर 10 लाख रुपये तक की बचत का मौका मिल रहा है।

पहले जहां लग्जरी कारों पर 28% जीएसटी के साथ-साथ 22% तक का उपकर (Cess) लगाया जाता था, जिससे कुल टैक्स दर 50-55% तक पहुंच जाती थी। अब इसे बदलकर सीधे 40% जीएसटी (बिना किसी उपकर) कर दिया गया है। नतीजा यह हुआ कि कंपनियों ने कीमतें घटा दी हैं और ग्राहकों को बड़ा फायदा मिल रहा है।

 कितनी सस्ती हुई कौन सी कार?

Mercedes-Benz

  • A 200 – 2.6 लाख रुपये सस्ती

  • C 300 – 3.7 लाख रुपये सस्ती

  • GLC – 5.3 लाख रुपये सस्ती

  • E-Class LWB – 6 लाख रुपये सस्ती

BMW

  • 2 Series Gran Coupe – 1.6 लाख रुपये सस्ती

  • 3 Series LWB – 3.4 लाख रुपये सस्ती

  • 5 Series LWB – 4.1 लाख रुपये सस्ती

  • X5 – 6.6 लाख रुपये सस्ती

  • X7 – पूरे 8.9 लाख रुपये सस्ती (सबसे ज्यादा लाभ)

Audi

  • A4 – 2.64 लाख रुपये सस्ती

  • A6 – 3.64 लाख रुपये सस्ती

  • Q5 – 4.55 लाख रुपये सस्ती

  • Q7 – 6.15 लाख रुपये सस्ती

Jaguar Land Rover (JLR)

  • गाड़ियों की कीमत में 4.6 लाख से लेकर 9.9 लाख रुपये तक की कटौती

 कंपनियों का क्या कहना है?

बीएमडब्ल्यू इंडिया के सीईओ हरदीप सिंह बरार ने कहा कि बिना अतिरिक्त उपकर के 40% जीएसटी लग्जरी कार इंडस्ट्री के लिए राहत लेकर आया है और इससे नई बिक्री को बढ़ावा मिलेगा। वहीं हुंडई मोटर इंडिया के एमडी उनसू किम ने भी कहा कि यह बदलाव पूरे ऑटो सेक्टर के लिए सकारात्मक है।

 कुल मिलाकर, जीएसटी में बदलाव के बाद अब भारत में लग्जरी कार खरीदना पहले से ज्यादा आसान हो गया है। अगर आप त्योहारों पर नई कार लेने की सोच रहे हैं तो ये सबसे सही वक्त साबित हो सकता है।