फर्जी सिम कार्ड रैकेट का भंडाफोड़! महाराष्ट्र से लेकर रायपुर तक फैला जाल… साइबर ठगों ने उड़ाए लाखों

फर्जी सिम कार्ड रैकेट का भंडाफोड़! महाराष्ट्र से लेकर रायपुर तक फैला जाल… साइबर ठगों ने उड़ाए लाखों

ऑपरेशन साइबर शील्ड में बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार – 18.52 लाख की साइबर ठगी, 100 से ज्यादा प्री-एक्टिवेटेड सिम जब्त

रायपुर। राजधानी में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले महाराष्ट्र निवासी दो समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

थाना सिविल लाइन में दर्ज अपराध क्रमांक 290/25 धारा-317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस, 42(3) टेलीग्राफ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के पीड़ितों से 18.52 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क में 41 मोबाइल सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गवाहों से पूछताछ के आधार पर पहले ही दो पॉइंट ऑफ सेल एजेंटों को गिरफ्तार कर लिया था। उनकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब निखिल चावला, बॉबी खत्री, शिवानंद चौहान, नागेश्वर चक्रधारी, जगमोहन भारती और प्रियेश यादव को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 100 से अधिक प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।