75 की उम्र में भी मोदी का जलवा! जन्मदिन पर विपक्ष से लेकर विश्व नेताओं तक ने झुकाया सिर…

PM Narendra Modi 75th birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 17 सितंबर 1950 को उत्तरी गुजरात के मेहसाणा जिले के एक छोटे से शहर वडनगर में हुआ था।उनके 75वें जन्मदिन पर केंद्र सरकार ‘पोषण माह’ के साथ-साथ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ शुरू करेगी। एम्स दिल्ली चार केंद्रों पर चिकित्सा जांच शिविर आयोजित करेगा।पीएम मोदी आज ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और ‘8वें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान की शुरुआत करने के लिए मध्य प्रदेश का दौरा भी करेंगे।

 

पीएम मोदी को जन्मदिन पर कैसे किया जा रहा है विश? (PM Modi Birthday Wish)

राहुल गांधी ने शुभकामनाएं देते हुए कही ये बात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’

जगन मोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने X पर लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! राष्ट्र की सेवा में आपके दीर्घायु, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।’

MK स्टालिन ने दी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।

X पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘माननीय नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’

पवन कल्याण ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में सराहा जो साधारण बैकगाउंड से उठकर राष्ट्र के लिए एक ‘मार्गदर्शक शक्ति’ बन गए। मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण की भी प्रशंसा की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।’

प्रवेश वर्मा ने दी ऐसे बधाई

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर ‘सेवा पखवाड़ा’ रक्तदान शिविर में शामिल हुए। प्रवेश वर्मा ने बुधवार को पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का दौरा किया।

उन्होंने कहा, ‘मां भारती के अनन्य सेवक, अपने जीवन का पल-पल और शरीर का कण-कण नि:स्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा में अर्पित करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी जी ने अपना संपूर्ण जीवन को राष्ट्र के लिए समर्पित किया है। प्रधानसेवक के रूप में उनका नेतृत्व न सिर्फ देश में, बल्कि पूरी दुनिया में विश्वास का प्रतीक बन चुका है। त्याग, तपस्या, निरंतर परिश्रम और दूरदर्शी सोच के साथ उन्होंने करोड़ों भारतीयों के जीवन में बदलाव लाया है और भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। मोदी जी का संकल्प है, 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना। जहां हर नागरिक सशक्त हो, हर क्षेत्र आत्मनिर्भर हो, और भारत फिर से विश्वगुरु की भूमिका निभाए।’

एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। जयशंकर ने प्रधानमंत्री के ‘परिवर्तनकारी नेतृत्व’ और ‘आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के उनके दृढ़ संकल्प’ की प्रशंसा करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने X पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री @narendramodi जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने में देश के साथ शामिल हों। उनका परिवर्तनकारी नेतृत्व और आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसितभारत के निर्माण का दृढ़ संकल्प प्रेरणादायी है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र की सेवा में उनके दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

उन्होंने कहा, ‘140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!

राष्ट्र सर्वोपरि और लोक-कल्याण की भावना को जीवन-साधना में उतारने वाले आपके अप्रतिम पुरुषार्थ, संवेदनशील नेतृत्व और अखण्ड कर्मनिष्ठा ने ‘नए भारत’ को आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन प्रदान करें, जिससे राष्ट्र को आपका सशक्त नेतृत्व और हम सभी को आपका मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।

अश्विनी वैष्णव ने कही ये बात

रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘भारत को एक नई दिशा, नई प्रेरणा और नई ऊर्जा देने वाले माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पावन जन्मदिवस पर शत-शत नमन। आपके दिखाए रास्ते पर चलने से भारत समृद्ध होगा, सशक्त बनेगा और 2047 तक विकसित राष्ट्र के संकल्प को पूर्ण करेगा।’

चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में, नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘सही समय पर सही नेता’ बताया।