भिलाई का होटल मालिक गिरफ्तार: सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, बाहरी राज्यों से युवतियां बुलाकर करता था धंधा
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी निखिल मेश्राम उर्फ निक्कु पुलिस के हत्थे चढ़ा, मोबाइल से मिले कई चौंकाने वाले राज
दुर्ग। वैशाली नगर थाना पुलिस ने भिलाई में चल रहे सेक्स रैकेट का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल मालिक निखिल मेश्राम उर्फ निक्कु उर्फ अमित (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इससे पहले इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी थी। अब होटल मालिक की गिरफ्तारी के बाद कुल तीन आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
कैसे चलता था रैकेट?
पुलिस जांच में सामने आया कि निखिल मेश्राम बाहरी राज्यों से युवतियों को बुलाकर उन्हें अपने होटल “ईशा” में ठहराता था। इसके बाद ग्राहकों को फंसाने के लिए युवतियों की तस्वीरें और डिटेल्स व्हाट्सएप पर भेजी जाती थीं। रकम तय होने पर ग्राहक को होटल बुलाया जाता और वहां देह व्यापार कराया जाता।
मोबाइल फोन बना अहम सबूत
पूरे धंधे में आरोपी का मोबाइल फोन सबसे अहम कड़ी था। पुलिस ने जब कार्रवाई की तो आरोपी के कब्जे से मोबाइल जब्त किया गया। फोन की डिजिटल जांच से पुलिस को कई राज हाथ लगे हैं। आशंका है कि आरोपी का नेटवर्क छत्तीसगढ़ से बाहर तक फैला हुआ है।
आगे और गिरफ्तारी की संभावना
पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हैं। निखिल की गिरफ्तारी के बाद कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
