कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने लंबे समय से सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग में लिप्त महिला अमीना ताज और उसके सहयोगी राकेश साहू को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार अमीना ताज जरूरतमंद लोगों को रकम देकर कई गुना ब्याज वसूलती थी और धमकाकर उनका शोषण करती थी।
सूदखोरी और धमकियाँ
पुलिस ने बताया कि एक प्रार्थी ने अमीना से 50 हजार रुपए का कर्ज लिया था, जिसके बदले लगभग 6 लाख रुपए वसूले गए। इसके अलावा ब्लैंक चेक और झूठे मामले में फंसाने की धमकियों से पीड़ितों को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। राकेश साहू घर-घर जाकर जबरन वसूली करता और मारपीट कर आतंक फैलाता था।
वायरल ऑडियो और दबिश
हाल ही में वायरल ऑडियो में अमीना ताज को पीड़ित को धमकाते हुए सुना गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। दबिश के दौरान आरोपियों के घर और कार्यालय से उधारी लेन-देन के कागजात, पीड़ितों के ब्लैंक चेक, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। जांच में अन्य चार पीड़ितों की शिकायतें भी शामिल की गई हैं।
पुलिस का संदेश
एसपी धर्मेन्द्र सिंह और एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की और स्पष्ट किया कि किसी अपराधी का यह दावा कि “पुलिस उसका कुछ नहीं कर सकती” पूरी तरह निराधार है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध सूदखोरों से कर्ज न लें और जरूरत पड़ने पर केवल अधिकृत बैंक या सहकारी संस्थाओं से ही ऋण प्राप्त करें।
