रायपुर में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला: ई-चालान लिंक पर क्लिक कर महिला का 5.12 लाख रुपये से हुआ नुकसान

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संजय नगर की रहने वाली अर्चना भदौरिया के मोबाइल को फर्जी ई-चालान लिंक के जरिए हैक कर ठगों ने उनके बैंक खाते से 5,12,900 रुपये निकाल लिए।

कैसे हुआ फोन हैक

15 सितंबर की सुबह अर्चना के व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें 1,000 रुपये के ई-चालान का लिंक था। महिला ने लिंक खोला, जिससे उनका मोबाइल हैक हो गया और व्हाट्सएप का सारा डेटा डिलीट हो गया

खातों से लाखों रुपये उड़ाए गए

दो दिन बाद, 17 सितंबर की सुबह अज्ञात ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 5.12 लाख रुपये निकाल लिए। अर्चना ने बैंक जाकर खाता ब्लॉक कराया और टीकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठग के खाते को होल्ड करवा दिया और जांच शुरू कर दी।

पहले भी हुए शिकार

छत्तीसगढ़ में ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

  • दुर्ग: पार्षद नरेन्द्र कुमार बंजारे से 89,500 रुपये ठगे गए।

  • बिलासपुर: पार्षद बंधु मौर्य से 3 लाख रुपये की ठगी हुई।

  • रायपुर: कारोबारी से 4 लाख और युवक से 2 लाख रुपये की ठगी।

साइबर ठगों का नया हथकंडा

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे फर्जी लिंक या .apk फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल या कंप्यूटर में हानिकारक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल हो जाता है। ठग पीड़ित का पूरा डेटा, पासवर्ड और बैंक डिटेल्स हासिल कर लेते हैं।

पुलिस और परिवहन विभाग का अलर्ट

टीकरापारा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान लिंक या अनजाने स्रोत से आए लिंक पर क्लिक न करें। बैंक डिटेल्स, OTP या पासवर्ड कभी भी किसी को साझा न करें

यह मामला साबित करता है कि साइबर ठगी के नए तरीके दिन-ब-दिन खतरनाक होते जा रहे हैं