भैंस चराने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

 

लुन्ड्रा। थाना लुन्ड्रा पुलिस ने भैंस चराने को लेकर हुए विवाद में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और टांगी भी जब्त किया है।

घटना 5 सितंबर की है। प्रार्थी ओमनारायण यादव अपनी भैंस चराकर घर लौट रहा था। ग्राम बरौली में लक्षन गोंड के घर के पीछे आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी प्रमोद ने टांगी उठाकर उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

रिपोर्ट पर थाना लुन्ड्रा में अपराध दर्ज कर जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने विनोद कुमार (38), सुनील (29), प्रमोद मरावी (35), पारसनाथ (45) और अखलेश (18) सभी निवासी ग्राम बरौली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से डंडा और टांगी जब्त किए गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक आर.एन. पटेल, एएसआई महेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पाल, आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, शिवा खलखो और संजय भगत की अहम भूमिका रही।