महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस की वाहन जांच के दौरान ऐसा नजारा सामने आया, जिसने पुलिसकर्मियों को भी चौंका दिया। एक कार में रखे छह काले बैगों की तलाशी ली गई तो उनके अंदर चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और सिल्लियों का बड़ा जखीरा मिला। पुलिस ने कुल 52 किलो 528 ग्राम चांदी जैसी सामग्री बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस मामले में दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। बरामद सामग्री के संबंध में जीएसटी विभाग को भी सूचना भेजी गई है।
पलसापाली चेकपोस्ट पर रोकी गई संदिग्ध कार
जानकारी के मुताबिक, जिले में अवैध तस्करी, संदिग्ध नकदी और बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर निगरानी रखने के लिए पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में लगातार वाहन जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को थाना बसना पुलिस की टीम पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक CG 23 Q 9222 वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। कार में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान उमेश कंसारी उम्र 45 वर्ष निवासी गोबरानवापारा जिला रायपुर और रोशन कुमार साहू उम्र 40 वर्ष निवासी बेलटूकरी थाना राजिम जिला गरियाबंद के रूप में हुई।
छह काले बैगों में छिपा था चांदी का जखीरा
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को डिक्की और सीटों में रखे छह काले रंग के बैग मिले। जब इन बैगों को खोलकर जांच की गई तो उनके अंदर प्लास्टिक के डिब्बों में अलग-अलग तरह के चांदी जैसे आभूषण और अन्य सामान रखे हुए थे।
बरामद सामग्री में पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कड़े, ब्रेसलेट और करधन समेत कई प्रकार के आभूषण शामिल थे। इसके अलावा चांदी के बर्तन, मूर्तियां और छह चांदी जैसी सिल्लियां भी मिलीं। पुलिस को तलाशी के दौरान नकदी रकम भी बरामद हुई।
पूरी बरामद सामग्री का वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
न बिल, न ई-वे बिल, न परिवहन के दस्तावेज
पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों से बरामद सामग्री के वैध स्वामित्व और उसके क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज मांगे। उनसे जीएसटी बिल, ई-वे बिल और परिवहन से जुड़े जरूरी कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया।
हालांकि, पुलिस के मुताबिक दोनों व्यक्ति मौके पर बरामद सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्तियों ने लिखित रूप से भी बताया कि उनके पास सामग्री से जुड़े आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं हैं।
इसके बाद पुलिस ने बरामद संपत्ति के चोरी अथवा अवैध परिवहन से संबंधित होने के संदेह में आगे की कार्रवाई शुरू की।
जीएसटी विभाग को भेजी गई सूचना, जांच में सामने आएंगे कई सवालों के जवाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद पुलिस ने बरामद चांदी जैसी सामग्री के संबंध में आयुक्त, जीएसटी विभाग, छत्तीसगढ़ को भी सूचना भेजी है। अब इस बात की जांच महत्वपूर्ण होगी कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी जैसी सामग्री कहां से लाई जा रही थी, इसका वास्तविक स्वामित्व किसके पास है और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला जांच के दायरे में है। बरामद सामग्री के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण पुलिस और संबंधित विभाग इसकी पूरी जानकारी जुटाने में लगे हैं।
महासमुंद के पलसापाली चेकपोस्ट पर हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों में चल रही वाहन जांच की अहमियत सामने ला दी है। छह काले बैगों में भरी 52 किलो से ज्यादा चांदी जैसी सामग्री की बरामदगी के बाद अब सबकी नजर जांच के नतीजों पर टिकी है।



