Mumbai Airport पर नहीं घटेंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें! नवी मुंबई शिफ्टिंग पर CM फडणवीस का बड़ा फैसला, केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय को लिखा पत्र

मुंबई। मुंबई से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आपत्ति जताई है। उन्होंने साफ कर दिया है कि मुंबई एयरपोर्ट से किसी भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान को दूसरे एयरपोर्ट पर शिफ्ट नहीं किया जाना चाहिए। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर अपनी मांग रखी है। उनका कहना है कि मुंबई और नवी मुंबई, दोनों एयरपोर्ट अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार संचालित होंगे और विमानन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेंगे।

दरअसल, मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास की योजना के तहत वर्ष 2027 से 14 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों की उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव सामने आया था। इसी प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने आपत्ति जताते हुए वैकल्पिक व्यवस्था सुझाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुंबई एयरपोर्ट से उड़ानों को नवी मुंबई स्थानांतरित करने की कोई योजना नहीं होनी चाहिए।

टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए दिया वैकल्पिक प्रस्ताव

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को लिखे पत्र में मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए अलग तरीका सुझाया है। उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि सबसे पहले टर्मिनल-1B का निर्माण किया जाए। इसके बाद टर्मिनल-1A की उड़ानों और परिचालन व्यवस्था को नए टर्मिनल-1B में स्थानांतरित किया जाए। इससे पुराने टर्मिनल को पूरी तरह बंद किए बिना निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा सकेगा।

मुंबई एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता बनाए रखने पर जोर

मुख्यमंत्री का मानना है कि इस वैकल्पिक व्यवस्था से मुंबई एयरपोर्ट की मौजूदा परिचालन क्षमता प्रभावित नहीं होगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी। दोनों एयरपोर्ट अपनी निर्धारित क्षमता और जरूरत के मुताबिक काम कर सकेंगे।

इस पूरे मामले में अब केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के रुख पर नजर रहेगी। यदि मुख्यमंत्री का प्रस्ताव स्वीकार किया जाता है, तो मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल पुनर्विकास का काम उड़ानों के मौजूदा संचालन को बनाए रखते हुए आगे बढ़ाया जा सकता है।