महादेव सट्टा ऐप केस में बड़ा अपडेट! CBI की रिमांड खत्म, अब ED की गिरफ्त में आ सकता है सौरभ चंद्राकर, 12 नवंबर को रायपुर कोर्ट में पेशी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। CBI की 8 दिनों की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद उसे गुरुवार, 12 नवंबर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। CBI के अधिकारी उसे दिल्ली से रायपुर ला सकते हैं। इस पेशी पर CBI के अगले कदम के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। अगर CBI आगे की पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगती है, तो ED अपने गिरफ्तारी वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में नया आवेदन पेश कर सकती है।

दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान ED ने अदालत में आवेदन देकर सौरभ चंद्राकर के खिलाफ जारी वारंट को एग्जीक्यूट कराने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय सौरभ CBI की कस्टडी में था और जांच एजेंसी की रिमांड जारी थी। इसी वजह से अदालत ने ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल माना था। अब CBI की आठ दिन की रिमांड पूरी होने के बाद ED के पास दोबारा अदालत का रुख करने का मौका है।

CBI की रिमांड बढ़ेगी या ED करेगी पूछताछ?

12 नवंबर को होने वाली पेशी में सबसे बड़ा सवाल यही है कि CBI सौरभ चंद्राकर से आगे पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। यदि CBI रिमांड नहीं मांगती है, तो ED अपने वारंट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ करने की अनुमति के लिए अदालत में आवेदन कर सकती है। ऐसे में महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच में ED की भूमिका एक बार फिर सक्रिय हो सकती है।

हवाला, पैनल ऑपरेटर और प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ

CBI ने अपनी पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए कथित लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं पर सवाल किए हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों तथा अन्य लोगों की भूमिका रही है। बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है।

2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। जांच के दौरान सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मामले के मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया।

CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में अलग से केस दर्ज किया था। छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऐप से जुड़े 13 मामलों की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं, ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।

दुबई में रह रहा था सौरभ, इंटरपोल ने जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस

CBI के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से ही सौरभ चंद्राकर फरार था। वह वर्ष 2023 से दुबई में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। अब उसकी रायपुर कोर्ट में पेशी को मामले की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है। 12 नवंबर को होने वाली सुनवाई में यह स्पष्ट होगा कि CBI अपनी रिमांड आगे बढ़ाती है या ED को पूछताछ का मौका मिलता है।