बाढ़ पीड़ितों को राशन देने में शासन ने बढ़ाए हाथ, दुकानदार के तेवर ने मचा दिया बवाल

अभनपुर। बाढ़ की मार झेल चुके परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए शासन की ओर से अतिरिक्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन इसी बीच राशन वितरण केंद्र से सामने आया एक वीडियो अब सवाल खड़े कर रहा है। गोबरा नवापारा नगर के तटीय वार्ड राम जानकी पारा स्थित बताए जा रहे शासकीय उचित मूल्य दुकान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों के साथ दुकानदार कथित तौर पर रौब झाड़ता और उन्हें बाहर जाने के लिए कहता नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी दौरान वार्ड के कुछ लोग राशन लेने के लिए उचित मूल्य दुकान पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार और हितग्राहियों के बीच विवाद की स्थिति बनी और किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में कथित तौर पर क्या कहते सुनाई दे रहे दुकानदार

वायरल वीडियो में दुकानदार कथित तौर पर हितग्राहियों को बाहर निकलने के लिए कहता सुनाई दे रहा है। वीडियो में “बाहर निकलो ना”, “आरती उतारो”, “नारियल फोड़ो” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा दुकानदार कथित तौर पर यह भी कहता सुनाई दे रहा है, “मत ले, मत ले जा… फोकट में मिलत हे त लेवत हस आके… पैसा में मिलतिस त आके लेतेस का…”

दुकानदार के कथित इस व्यवहार को लेकर राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों में नाराजगी की बात सामने आ रही है। खास तौर पर बाढ़ जैसी आपदा के बाद जब प्रभावित परिवारों को राहत के तौर पर अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, उस समय राशन वितरण केंद्र पर इस तरह के व्यवहार के आरोप ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है।

वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी

हालांकि वायरल वीडियो को लेकर एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की आधिकारिक पहचान और वीडियो की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी। इसलिए वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोपों को फिलहाल आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है।

मामले में अब खाद्य विभाग की जांच और कार्रवाई पर नजर है। सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच करेगा और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दुकानदार के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी।

इस संबंध में अभनपुर एसडीएम रवि सिंह से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा चुका है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और संबंधित दुकानदार के खिलाफ आगे क्या कदम उठाया जाता है।