अमित जोगी का नया अंदाज देख चौंके लोग, राजनीति के बाद अब ‘कौआ’ बनकर गाना गाएंगे नेता जी

रायपुर। राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी अब एक नए अंदाज में नजर आने वाले हैं। राजनीति के बाद उन्होंने सिंगिंग में भी हाथ आजमाया है। उनके आने वाले गाने की एक छोटी सी झलक सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें अमित जोगी अलग अंदाज में कौए की आवाज निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, अमित जोगी जल्द ही एक गीत लेकर आने वाले हैं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक, वह एक शॉर्ट फिल्म लॉन्च करने के सिलसिले में स्टूडियो पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद अचानक खुद ही एक गीत रिकॉर्ड कर बैठे। इसी रिकॉर्डिंग सेशन का एक छोटा वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।

शॉर्ट फिल्म के लिए पहुंचे थे, अचानक बन गए सिंगर

अमित जोगी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि वह एक शॉर्ट फिल्म लॉन्च करने गए थे और वहां पहुंचकर खुद एक गीत रिकॉर्ड कर बैठे। उन्होंने Gaurav R Music में हुई रिकॉर्डिंग की झलक भी साझा की है। वीडियो में उनका अंदाज सामान्य राजनीतिक गतिविधियों से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है।

वीडियो की सबसे खास बात उनका कौए की आवाज निकालना है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से चर्चा में आ गया है।

गांधी जयंती पर सामने आएगा पूरा गाना

अमित जोगी ने अपने पोस्ट में संकेत दिया है कि इस गीत को गांधी जयंती के मौके पर रिलीज किया जाएगा। उन्होंने लिखा कि कुछ बातें शब्दों में नहीं कही जातीं, उन्हें बस गा दिया जाता है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि रिकॉर्डिंग की यह छोटी सी झलक देखने के बाद पूरा गीत सामने आने पर अमित जोगी का यह नया अंदाज कैसा दिखाई देता है।

फिलहाल अमित जोगी का यह सिंगिंग अवतार सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीति के मैदान में सक्रिय रहने वाले अमित जोगी का इस तरह स्टूडियो में गीत रिकॉर्ड करना उनके समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स के लिए भी एक अलग अनुभव है।

 

देखिए वीडियो-