कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। स्कूल जाने के लिए घर से निकली दूसरी कक्षा की मासूम छात्रा अपनी ही स्कूल बस की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसा सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती में हुआ। मृतक बच्ची की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी।
सुबह बस में बैठने निकली थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। उसे स्कूल बस में बैठना था। इसी दौरान वह स्कूल संस्था की ही बस की चपेट में आ गई।
हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
हादसे के तुरंत बाद घायल प्रिंसि को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाया जा रहा था। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किस तरह हुआ और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई।
जिस स्कूल बस से मासूम को स्कूल पहुंचना था, उसी की चपेट में आकर उसकी जान चली गई। इस दर्दनाक घटना ने स्कूल बसों की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
