भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। तीज त्योहार मनाने छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रही बोलेरो खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में 3 मासूम बच्चों समेत 9 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं भी शामिल हैं।
यह दर्दनाक हादसा भंडारा जिले के पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बोलेरो में करीब 16 से 17 लोग सवार थे।
सुबह करीब 3 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच रात के समय एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से बोलेरो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर 8 लोगों ने तोड़ा दम, एक महिला की रास्ते में मौत
हादसा इतना भीषण था कि 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल एक महिला को इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।
मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे
इस हादसे में जान गंवाने वालों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृत बच्चों की उम्र 5 साल से कम थी।
मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
ड्राइवर समेत कई लोग घायल
हादसे में बोलेरो चालक समेत कई यात्री घायल हुए हैं। चालक और तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे के मुताबिक, घायलों को पहले साकोली स्थित अस्पताल में उपचार दिया गया। इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भंडारा रेफर किया गया, जहां से कुछ मरीजों को नागपुर GMC भेजा गया।
तीज के लिए जा रहे थे नागपुर
हादसे के बाद एक व्यक्ति ने बताया कि बोलेरो में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे थे। वे तीज त्योहार मनाने के लिए यात्रा कर रहे थे।
उसने बताया कि हादसे में उसकी भांजी सरिता वर्मा की भी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा कैसे हुआ और बोलेरो खड़े ट्रक से किस परिस्थिति में टकराई, इसकी जांच की जा रही है।
