Bilaspur-Korba News: सुबह-सुबह तालाब में दिखी लाश, दो जिलों में मचा हड़कंप! महिला और युवक के शव मिलने से सनसनी

 

बिलासपुर/कटघोरा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा जिले में मंगलवार सुबह अलग-अलग घटनाओं में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में मुरूम खदान के तालाब से एक महिला का शव बरामद हुआ। वहीं, कोरबा के पाली थाना क्षेत्र स्थित नवकोनिया तालाब में एक अज्ञात युवक की लाश तैरती मिली।

दोनों मामलों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों मामलों में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मुरूम खदान के तालाब में मिली महिला की लाश

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंडारी की मुरूम खदान के तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव पानी में तैरता मिला। शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच करते हुए महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

नवकोनिया तालाब में तैरती मिली युवक की लाश

दूसरी घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र की है। मुख्य मार्ग पर स्थित नवकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरता दिखाई दिया।

राहगीरों ने इसकी सूचना पाली पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

दो-तीन दिन पुरानी हो सकती है मौत

पुलिस के मुताबिक, शव से दुर्गंध आने के कारण प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि युवक की मौत करीब दो-तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

इस मामले में एक और अहम सुराग पुलिस के हाथ लगा है। घटनास्थल के पास ही एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली है। पुलिस को आशंका है कि यह बाइक मृतक की हो सकती है।

पहचान के लिए पुलिस ने तेज की कोशिश

पाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के गांवों में व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए मृतक की जानकारी प्रसारित की जा रही है।

इसके अलावा पुलिस की ओर से मुनादी भी कराई जा रही है और जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है, ताकि मृतक की पहचान जल्द हो सके।

फिलहाल बिलासपुर और कोरबा में मिले दोनों शवों की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।