दुर्ग/भिलाई, 24 अगस्त 2026: भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोस्त की बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया। गुस्साए उसके ही दो दोस्तों ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स रेफर किया गया है।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ठंडे समोसे से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, हिमांशु नेवारे अपने दोस्तों योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला के साथ बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान हिमांशु ने दोनों दोस्तों को चखना लाने के लिए भेजा। कुछ देर बाद दोनों दोस्त ठंडे समोसे लेकर वापस लौटे। समोसे ठंडे होने की बात को लेकर हिमांशु की दोनों से बहस शुरू हो गई।
शुरुआत में मामूली नजर आ रहा यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता चला गया।
बहन पर कमेंट करते ही भड़क गए दोस्त
बहस के दौरान हिमांशु ने कथित तौर पर योगेश्वर की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। यह बात योगेश्वर और मनीष को नागवार गुजरी।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने हिमांशु पर चाकू से हमला कर दिया।
पेट में किए कई वार, हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हिमांशु पर चाकू से कई वार किए। हमले में उसके पेट में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल हिमांशु को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
घटना की सूचना मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला। मामले में आगे की जांच जारी है।
