Ambikapur: स्वतंत्रता दिवस से पहले अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा की टीम ने अंबिकापुर शहर में एक किराए के मकान पर दबिश देकर 480 किलोग्राम महुआ लाहन और 70 लीटर महुआ शराब जब्त की है। मौके पर शराब बनाने के लिए एक साथ 8 भट्ठियां चलती मिलीं। मामले में आरोपी अर्जुन कुजुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड लेकर जेल दाखिल करने की कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 13 अगस्त को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम अंबिकापुर शहर में गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान संकटमोचन मंदिर पटपरिया के पास टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सामने की बाउंड्री वॉल के पास अर्जुन नामक व्यक्ति ने महुआ शराब बनाने की फैक्ट्री बना रखी है और वहां भारी मात्रा में शराब बनाने का काम चल रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल बताए गए किराए के मकान पर दबिश दी।
एक कमरे में चल रही थीं 8 भट्ठियां
मकान की तलाशी शुरू होते ही आबकारी टीम को वहां चल रहे अवैध शराब निर्माण का पता चला। एक कमरे में 8 भट्ठियों पर महुआ शराब बनाने का काम चल रहा था।
वहीं दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक के डिब्बों में महुआ लाहन भरकर रखा गया था। टीम ने सभी भट्ठियों से तैयार शराब निकालकर उसकी माप की, जिसमें कुल 70 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
इसके अलावा 24 प्लास्टिक डिब्बों में रखा करीब 480 किलो महुआ लाहन भी जब्त किया गया। मौके पर पंचनामा तैयार कर लाहन को नष्ट किया गया। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बर्तनों को भी जब्त कर लिया गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
आबकारी विभाग ने मामले में आरोपी अर्जुन कुजुर को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) और 59(क) के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया गया और उसे जेल दाखिल करने की कार्रवाई की गई।
15 अगस्त से पहले बड़ी कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम की ओर से महुआ शराब के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का निर्माण करने और बेचने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, रोहित सोनी और आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
