रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी 10 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाएगी। इस दौरान करीब 3,000 स्थानों पर तिरंगा यात्राओं और विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश स्तर पर बनी समिति, यशवंत जैन को मिली जिम्मेदारी
अभियान के सफल संचालन के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तर पर एक समिति का गठन किया है। इस समिति का संयोजक यशवंत जैन को बनाया गया है। बताया गया है कि यह अभियान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर देशभर में एक साथ चलाया जाएगा।
मंत्री, सांसद और विधायक करेंगे अगुवाई
पार्टी की योजना के अनुसार, प्रदेशभर में आयोजित तिरंगा यात्राओं में मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। जिला और मंडल स्तर पर भी अलग-अलग टीमें बनाई जा रही हैं, ताकि अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सके।
476 मंडलों पर रहेगा विशेष फोकस
भाजपा इस अभियान के तहत प्रदेश के 476 मंडलों पर विशेष ध्यान दे रही है। हर मंडल में एक प्रमुख तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि अन्य स्थानों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी ने जिला इकाइयों को 31 जुलाई तक सभी तैयारियां और बैठकों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
CM विष्णु देव साय भी होंगे शामिल
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में बड़े स्तर पर तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रमुख आयोजनों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे। भाजपा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
