अंबिकापुर। सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपारा की कुख्यात महिला तस्कर आशा पांडेय को 28 नग नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है और लंबे समय से नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री में सक्रिय बताई जा रही थी।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 12 जुलाई को उड़नदस्ता कार्यालय में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्रह्मपारा निवासी आशा पांडेय अपने घर से नशीले इंजेक्शन बेच रही है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने तत्काल उसके घर पर दबिश दी।
आबकारी टीम को देखते ही आशा पांडेय ने घर के पीछे एक थैला फेंकने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद महिला सैनिक राजकुमारी सिंह ने उसे पकड़ लिया। थैले की तलाशी लेने पर उसमें 19 नग REXOGESIC इंजेक्शन और 9 नग AVIL इंजेक्शन, कुल 28 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
पूछताछ और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आशा पांडेय पहले ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त रही है और उस मामले में जेल भी जा चुकी है। हाल के समय में वह ब्राउन शुगर की जगह नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री कर रही थी। उसके घर पर पहले भी कई बार तलाशी ली गई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इस बार उड़नदस्ता टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, नगर सैनिक रणविजय सिंह एवं रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
