रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनस्वास्थ्य विजन के तहत संचालित निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने प्रदेशभर में सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यू-विन प्रगतिशील रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है।
यह सफलता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व, जिला प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग और स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से संभव हुई। विशेष रूप से दूरस्थ और विशेष पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 8,785 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके मुकाबले 8,763 किशोरियों का टीकाकरण पूरा किया गया। अभियान के दौरान डोर-टू-डोर संपर्क, विशेष टीकाकरण शिविर, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र किशोरियों की पहचान की गई तथा अभिभावकों की शंकाओं का समाधान कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की गई।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिनों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बेहतर टीमवर्क, प्रभावी समन्वय और जनसहभागिता का परिणाम है।
उन्होंने यह भी कहा कि एचपीवी टीकाकरण किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम है, जो भविष्य में महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण में बड़ी भूमिका निभाएगा।
