पुटु निकालने जंगल गया था ग्रामीण… फिर जो हुआ उसने पूरे गांव को दहला दिया, हाथी के हमले में दर्दनाक मौत

 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल में पुटु (मशरूम) निकालने गए एक ग्रामीण पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है, जबकि वन विभाग और प्रशासन की टीम जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल के पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के बीच की है। मृतक की पहचान जहाज़ सिंह राठिया (55) निवासी पीडिया गांव के रूप में हुई है। गुरुवार को वह पुटु निकालने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान उसका सामना जंगली हाथी से हो गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हाथी ने जहाज़ सिंह राठिया को देखते ही हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों से जंगल में सतर्कता बरतने और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर अकेले जंगल नहीं जाने की अपील की गई है।