साय सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला! दो मंत्रियों की टीम में हुआ अहम बदलाव, एक आदेश बना चर्चा का विषय

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने दो मंत्रियों की निजी स्थापना में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों के तहत महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और उप मुख्यमंत्री अरुण साव की टीम में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इनमें से एक आदेश में पात्रता संबंधी शर्तों को शिथिल करते हुए इसे विशेष प्रकरण माना गया है, जिससे यह फैसला प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष सहायक बने प्रतीक खरे

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार, संयुक्त संचालक (महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा वर्तमान में बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सचिव के रूप में कार्यरत प्रतीक खरे की सेवाएं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की निजी स्थापना के लिए ली गई हैं। उन्हें अस्थायी रूप से विशेष सहायक के पद पर पदस्थ किया गया है।

अरुण साव की टीम में भूपेन्द्र सिंह ध्रुव की एंट्री

एक अन्य आदेश के तहत जल संसाधन विभाग में पदस्थ सहायक अनुभाग अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ध्रुव को उप मुख्यमंत्री अरुण साव की निजी स्थापना में सहायक ग्रेड-3 के पद के विरुद्ध अस्थायी रूप से नियुक्त किया गया है।

क्यों अहम मानी जा रही है यह नियुक्ति?

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के पास लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है। ऐसे में उनकी निजी स्थापना में किया गया यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं, पात्रता संबंधी नियमों में शिथिलता देकर जारी किए गए आदेश ने भी प्रशासनिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।