नौकरी का सुनहरा मौका! आज 235 पदों पर होगी सीधी भर्ती, बस ये दस्तावेज लेकर पहुंचें, मिल सकती है जॉब

 

रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए आज का दिन बेहद खास हो सकता है। छत्तीसगढ़ के दो जिलों में रोजगार के बड़े अवसर सामने आए हैं, जहां 235 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। खास बात यह है कि योग्य अभ्यर्थियों को सीधे इंटरव्यू के जरिए नौकरी पाने का मौका मिलेगा।

राजनांदगांव के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शनिवार सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इस कैंप के माध्यम से कैरियर-ट्री द्वारा टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) में विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, प्रशिक्षण सत्र 2022-24 और 2023-24 के प्रशिक्षणरत विद्यार्थी, 12वीं एवं स्नातक पास महिला एवं पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं और आईटीआई की अंकसूची, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज लेकर कैंप में उपस्थित होना होगा।

वहीं, दुर्ग जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन के 200 और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के 35 पदों सहित कुल 235 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 8 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं और किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकसूची, पहचान पत्र (आधार, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा राशन कार्ड), रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्र, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और सभी दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लेकर पहुंचना होगा।

भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभ्यर्थी Chhattisgarh Rozgar App, रोजगार कार्यालय के सूचना पटल तथा आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह मौका बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।