रायपुर। छत्तीसगढ़ डाक सर्किल में गुरुवार को जारी एक आदेश ने विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय ने एक अधीक्षक का तबादला करते हुए दूसरे अधिकारी को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, एच.आर. साहू, जो वर्तमान में अंबिकापुर में सहायक डाक अधीक्षक (ASP) के पद पर कार्यरत थे, उन्हें कांकेर डाक अधीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं सरजीत सरकार, जो रेल डाक सेवा, रायपुर में अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। वे पिछले चार वर्षों से इसी पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय विभागों के नियमों के अनुसार सामान्यतः तीन वर्ष बाद अधिकारियों का तबादला किया जाता है। ऐसे में छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल में सेवा विस्तार और तबादलों को लेकर अपनाई जा रही व्यवस्था ने विभागीय अधिकारियों के बीच कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। आदेश के बाद प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
