बस्तर। बस्तर रेंज की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सुंदरराज पी. का स्थान लिया है, जिन्हें भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) में पुलिस महानिरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जगदलपुर स्थित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सुंदरराज पी. ने बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें सफल, सुरक्षित और प्रभावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने भरोसा जताया कि बस्तर पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी नए आईजी को भी उसी समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ सहयोग देंगे, जैसा उनके कार्यकाल के दौरान मिला। सुंदरराज पी. ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए शासन, पुलिस मुख्यालय, बस्तर की जनता, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सभी सुरक्षा बलों, नागरिक प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मीडिया का आभार भी व्यक्त किया।
बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नए आईजी के पदभार संभालने के साथ ही अब सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान और कानून-व्यवस्था को लेकर नई रणनीतियों पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
