रायपुर, 28 जून 2026। धमतरी से रायपुर आ रही एक लग्जरी स्लीपर बस में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना अभनपुर से आगे बेंद्री गांव के पास हुई, जहां बस के इंजन से धुआं उठते ही चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को हाईवे किनारे रोक दिया। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, महेंद्रा ट्रैवल्स की स्लीपर बस धमतरी से रायपुर की ओर आ रही थी। रास्ते में बस के इंजन के नीचे, जो चालक केबिन के ठीक नीचे स्थित होता है, अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धुआं पूरी बस में फैल गया, जिससे बस के भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस रुकते ही चालक, परिचालक और कुछ यात्रियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के उचित रखरखाव में कमी के कारण इंजन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
समय पर बस रोक दिए जाने और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
