जन्मदिन की रात घर से निकली थी भारती, तीन दिन बाद रेत में दफन मिली लाश… पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोले कई डरावने राज

महासमुंद। 18वें जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल जाएंगी, यह शायद किसी ने नहीं सोचा था। घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई एक युवती की तीन दिन बाद रेत में दफन लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में सामने आए शुरुआती पोस्टमार्टम निष्कर्षों ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

मामला महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झारा का है। यहां गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले के किनारे रेत में दबी एक युवती की लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 18 वर्षीय भारती टंडन, पिता श्यामलाल टंडन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर ग्रामीण नाले की ओर गए थे। इस दौरान उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। आसपास देखने पर रेत से मानव शरीर का हिस्सा बाहर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि शव रेत में दबाया गया था। शव की स्थिति बेहद खराब थी और उसके कुछ हिस्सों को जंगली जीवों ने नुकसान पहुंचाया था।

मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव मिला है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघ पर गहरे खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। इसी वजह से युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे जा रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि 19 जून को भारती का जन्मदिन था और उसी दिन वह 18 वर्ष की हुई थी। परिजनों के मुताबिक 19 और 20 जून की दरमियानी रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से गायब हो गई थी। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। दो दिन बाद 22 जून को उसकी लाश नाले के किनारे रेत में दफन मिली।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार युवती का एक युवक से प्रेम-प्रसंग भी चल रहा था। पुलिस अब इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिस युवक से युवती का संपर्क था, उसके सहित कुछ अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल भी खंगाले जा रहे हैं।

तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी भारती ने हाल ही में 11वीं की पढ़ाई पूरी की थी और इस वर्ष 12वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली थी। उसकी मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

फिलहाल पुलिस हत्या, संभावित दुष्कर्म और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। अब सभी की नजर फॉरेंसिक रिपोर्ट और पुलिस जांच के अगले खुलासों पर टिकी हुई है, जो इस रहस्यमयी हत्या की असल कहानी सामने ला सकते हैं।