आधी रात बांध में पलटी नाव, अंधेरे में चीखते रह गए लोग… 9 में से 3 ग्रामीण लापता, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा बांध में सोमवार देर रात 9 ग्रामीणों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद बांध में अफरा-तफरी मच गई। नाव में सवार 6 लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 3 ग्रामीण लापता हो गए हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके की है। बताया जा रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद सोमवार रात अंधेरे में 9 ग्रामीण मछली पकड़ने के लिए नाव लेकर बांध में गए थे। इसी दौरान अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई और सभी लोग पानी में गिर गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव में सवार 6 ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफलता हासिल की, लेकिन तीन लोग गहरे पानी में लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना के बाद पुलिस तत्काल जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीम के साथ मौके पर पहुंची और लापता ग्रामीणों की तलाश शुरू कर दी। देर रात से जारी रेस्क्यू अभियान में गोताखोरों की मदद से बांध के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फिलहाल लापता ग्रामीणों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और बेचैनी का माहौल है, वहीं लापता ग्रामीणों के परिजन बांध किनारे उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।