रायपुर। अवैध खनन की जांच करने पहुंची सरकारी टीम को सरेआम धमकाना एक रसूखदार को भारी पड़ गया। तिल्दा-नेवरा में खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ कथित गाली-गलौज, बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नगर पालिका अध्यक्ष के पति डॉ. खुमान वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला उस समय का है जब खनिज विभाग की टीम क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध मुरूम और रेत उत्खनन की जांच के लिए पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा कार्रवाई और वाहनों की जब्ती की प्रक्रिया शुरू की गई, तभी विवाद खड़ा हो गया।
मामले को तब और तूल मिला जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कथित तौर पर नगर पालिका अध्यक्ष के पति और उनके सहयोगी खनिज विभाग के अधिकारियों से तीखी बहस करते, अभद्र भाषा का प्रयोग करते और उन्हें धमकाते दिखाई दे रहे हैं।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने इसी वायरल वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान उनके शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई और दबाव बनाकर कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किया गया। साथ ही उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।
घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में भी चर्चा का माहौल है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि जांच के लिए पहुंचे सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई कैसे हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। शासकीय कार्य में बाधा डालने, लोक सेवकों को धमकाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में और कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है।
