12 साल में कितना बदला देश? अंबिकापुर में लगी ऐसी प्रदर्शनी, तस्वीरों में दिख रही विकास की पूरी कहानी

 

रायपुर, 16 जून 2026। बीते 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और बड़े बदलावों को एक ही स्थान पर देखने का मौका अंबिकापुरवासियों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का मंगलवार को शुभारंभ किया गया।

अंबिकापुर के कला केंद्र मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद चिंतामणि महाराज ने किया। 16 से 18 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों तथा देश की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को आकर्षक तस्वीरों और तथ्यात्मक जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

तस्वीरों में दिख रही विकास की पूरी यात्रा

प्रदर्शनी में एलईडी स्क्रीन के जरिए भी विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। यहां आने वाले लोग केवल तस्वीरें नहीं देख रहे, बल्कि पिछले एक दशक से अधिक समय में देश में हुए बदलावों को भी करीब से समझ रहे हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास रहा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और यह प्रदर्शनी उसी विकास यात्रा को जनता के सामने प्रस्तुत करने का माध्यम है।

आवास से स्वास्थ्य और किसानों तक, हर योजना की झलक

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम श्री स्कूल, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं को चित्रों और आंकड़ों के साथ प्रदर्शित किया गया है।

इसके अलावा डिजिटल इंडिया, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े प्रमुख कार्यों को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है।

लोगों में दिखा खास उत्साह

राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से मिल रही है। वहीं जनप्रतिनिधि भारत सिंह सिसोदिया ने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने का आग्रह किया।

प्रदर्शनी देखने पहुंचे विद्यार्थियों, नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शित तस्वीरों और जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पूर्व सांसद कमलभान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रदर्शनी विकास और जनकल्याण की उन कहानियों को सामने ला रही है, जिन्होंने बीते 12 वर्षों में करोड़ों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है।

You missed