रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले को रविवार को विकास की नई सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 14 जून को जिले के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही वे एक बड़े धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) स्थित मैदान में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे जिले में स्वीकृत विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सत्य निज नाम बोध संस्थान, पोंड़ी (राछा) में आयोजित सत्य निज नाम सत्संग सम्मेलन में भी शामिल होंगे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। वहीं जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा विधायक ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र कुमार सिंह, शेषराज हरबंश, बालेश्वर साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास और जनसंपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्रवासियों की निगाहें अब उन विकास कार्यों पर टिकी हैं जिनका लोकार्पण और भूमिपूजन मुख्यमंत्री के हाथों होने वाला है। माना जा रहा है कि इस दौरे से जिले में आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।
