सुशासन तिहार में मिली गुप्त शिकायत के बाद आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, भारी मात्रा में महुआ शराब और लहान जब्त
बिलासपुर। सुशासन तिहार के दौरान मिली एक शिकायत ने गांव में चल रहे अवैध शराब कारोबार का बड़ा खुलासा कर दिया। शिकायत मिलते ही आबकारी विभाग की टीम ने सीपत क्षेत्र के ग्राम मटियारी में दबिश दी, जहां महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे कथित अवैध शराब कारोबार का पर्दाफाश हुआ। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में महुआ शराब और लहान बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त आबकारी नवनीत कुमार तिवारी ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान ग्राम मटियारी में अवैध शराब बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर गठित टीम ने गांव में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान रूकमणी पति उज्जैन सिंह के कब्जे से 20 लीटर, श्यामता बाई पति बीरबल के मकान से 15 लीटर तथा शैलबाई पति सुरेंद्र के कब्जे से 22 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
तीनों आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई के दौरान निर्मला बाई पति रामनाथ और पूनम मालिया पति सन्नू मालिया के घरों से भी महुआ शराब बरामद हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी टीम को जांच के दौरान ग्राम मटियारी के शासकीय तालाब के पास लावारिस हालत में छिपाकर रखी गई 180 लीटर महुआ शराब और 1530 किलोग्राम महुआ लहान भी मिला, जिसे जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की गई। इतनी बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री मिलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से शराब निर्माण और बिक्री का संगठित नेटवर्क सक्रिय था।
इसी अभियान के तहत एक अन्य टीम ने सकरी क्षेत्र के ग्राम अमेरी में दबिश देकर सूरज बघेल पिता धनऊ राम के कब्जे से 9.36 लीटर देशी एवं विदेशी शराब जब्त की। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे भी जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग का कहना है कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
