रायपुर ,6 जुन 2026: राजधानी में नशे के कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उस साजिश का पर्दाफाश कर दिया, जो शहर में गांजा की खेप खपाने की तैयारी में थी। बिक्री से पहले ही खमतराई पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया और उनके कब्जे से 2 किलो 40 ग्राम अवैध गांजा, दो वाहन तथा मोबाइल फोन सहित करीब 1.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खमतराई पुलिस को 5 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा क्रमांक CG 04 NM 4477 में गांजा लेकर रावांभाठा स्थित मेटल पार्क रोड क्षेत्र में बिक्री करने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई और तत्काल कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना खमतराई की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम महेन्द्र कुमार ध्रुव बताया।
जब पुलिस ने एक्टिवा की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें सेलोटेप से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट मिला। पैकेट खोलकर जांच और तौल की गई तो उसमें 2 किलो 40 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सरायपाली क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर में सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया को सप्लाई करने वाला था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए दूसरे आरोपी सुधांशु अवधिया को भी शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज कर धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में यह भी आशंका जताई जा रही है कि नशे के इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब पूरे सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है और फरार अथवा संलिप्त अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- महेन्द्र कुमार ध्रुव (44 वर्ष), निवासी बीरगांव, थाना खमतराई, रायपुर।
- सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया (22 वर्ष), निवासी बीरगांव, थाना खमतराई, रायपुर।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
