आयकर विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! एक साथ बड़े स्तर पर अफसरों के तबादले, कई जिलों की बदली तस्वीर

रायपुर 06 जून 2026: आयकर विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश (सीजी-एमपी) ने व्यापक तबादला आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, क्योंकि बस्तर से लेकर ग्वालियर तक बड़ी संख्या में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं।

 

जारी आदेश के अनुसार विभाग में कुल 20 अतिरिक्त एवं संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त संयुक्त अन्वेषण निदेशक, 48 उपायुक्त तथा 114 आयकर अधिकारियों (आईटीओ) का स्थानांतरण किया गया है। लंबे समय बाद हुए इस व्यापक फेरबदल को विभागीय कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

सूत्रों के मुताबिक स्थानांतरित किए गए अधिकारियों में 14 ऐसे आयकर अधिकारी भी शामिल हैं जिन्हें पिछले कुछ महीनों के दौरान पदोन्नति मिली थी। पदोन्नति के बाद से ही उनके तबादलों की संभावना जताई जा रही थी, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है।

इसके अलावा विभाग ने 18 अतिरिक्त आयुक्तों और 11 उपायुक्तों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। इससे कई महत्वपूर्ण कार्यालयों और शाखाओं की जिम्मेदारी अब नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी 12 जून से 15 जून के बीच अपने नए पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। विभागीय स्तर पर इस बड़े बदलाव को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

आयकर विभाग के इस व्यापक तबादला आदेश को हाल के वर्षों के सबसे बड़े प्रशासनिक फेरबदल में से एक माना जा रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख कार्यालयों में देखने को मिलेगा।

You missed