सरगुजा। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित सरगवां गांव में बुधवार सुबह युवक और युवती के शव एक पेड़ से लटके मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों और परिजनों की नजर गांव के बाहर एक पेड़ पर लटके दोनों शवों पर पड़ी। इसके बाद तत्काल उदयपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
स्थानीय स्तर पर प्रेम संबंध से जुड़े विवाद या पारिवारिक आपत्ति की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
उदयपुर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच जारी है।
एक साथ युवक और युवती की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
