कांग्रेस के भीतर बयानबाजी तेज, दीपक बैज की तीखी टिप्पणी पर TS सिंहदेव की प्रतिक्रिया ने बढ़ाई चर्चाएं।

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलाव की चर्चाओं के बीच राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच PCC चीफ दीपक बैज के ताजा बयान ने संगठन के भीतर हलचल और तेज कर दी है। बैज ने वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

दीपक बैज ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि टीएस सिंहदेव की दिल्ली में मजबूत पकड़ है और उन्हें वहां सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि प्रदेश में युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उनके इस बयान को पार्टी के भीतर संभावित बदलाव और नई रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

TS सिंहदेव की प्रतिक्रिया-

TS सिंहदेव ने दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर दिए जाने वाले बयान संगठन और कार्यकर्ताओं को प्रभावित करते हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में संयम बरतने की सलाह भी दी।

सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा संगठन है और यहां फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं। किसी भी मुद्दे पर बातचीत पार्टी मंच पर होना बेहतर होता है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी विवाद को स्वीकार नहीं किया, लेकिन उनके बयान के बाद राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे हैं।

प्रदेश की बिजली व्यवस्था पर सरकार को घेरा
बैज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में चार से पांच घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिल भी लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जबकि जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। उन्होंने इसे जनता के साथ विश्वासघात करार दिया।

स्मार्ट मीटर पर बड़ा आंदोलन संकेत
PCC चीफ ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के फैसले का विरोध करते हुए इसे जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी और सरकार से यह फैसला वापस लेने की मांग करेगी। इस घोषणा से आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

मंत्रिमंडल बदलाव की चर्चाओं पर तीखा वार
मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि सरकार के कई मंत्री अपने काम में विफल साबित हो रहे हैं और जनता का भरोसा खो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुशासन के दावों के बीच भी भ्रष्टाचार और अव्यवस्था हावी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चाहे जितने बदलाव कर ले, लेकिन जनता आने वाले समय में खुद फैसला करेगी।

केदार कश्यप के बयान पर पलटवार
भाजपा नेता केदार कश्यप द्वारा कांग्रेस को नक्सलवाद की “B पार्टी” बताए जाने पर बैज ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का सबसे बड़ा दंश कांग्रेस और बस्तर के लोगों ने झेला है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि राजनीतिक संघर्षों में दोनों पक्षों ने अपने कई नेताओं को खोया है।