अंबिकापुर। क्रिकेट सट्टे की खतरनाक लत अब लोगों की जिंदगी निगलने लगी है। अंबिकापुर में एक और युवा व्यवसायी ने करोड़ों के कर्ज और मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। शहर में 10 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक सद्भावना चौक निवासी Ashish Garg (43) शहर में “आशीष जनरल स्टोर्स” नाम से दुकान संचालित करता था। बताया जा रहा है कि उसे क्रिकेट सट्टे की लत लग गई थी और इसी चक्कर में वह लाखों रुपए हार चुका था। धीरे-धीरे कर्ज बढ़ते-बढ़ते करीब 1 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
परिजनों के अनुसार रविवार को आशीष ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसका कारोबार भी लंबे समय से ठीक नहीं चल रहा था, जिससे वह लगातार तनाव में था।
परिवार वालों ने खुलासा किया कि यह पहली बार नहीं था, जब आशीष ने आत्महत्या की कोशिश की हो। उसके भाई के मुताबिक कुछ समय पहले भी वह कुएं में कूद गया था, लेकिन कुआं संकरा होने के कारण वह फंस गया और उसकी जान बच गई थी। उस वक्त भी वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। परिवार ने आर्थिक मदद कर उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन वह इस जाल से बाहर नहीं निकल सका।
अंबिकापुर में बीते 10 दिनों में क्रिकेट सट्टे से जुड़ी यह दूसरी आत्महत्या है। इससे पहले 8 मई को Sandeep Agrawal नामक कारोबारी ने भी जहर खाकर जान दे दी थी। उसने आत्महत्या से पहले पिता और पत्नी के नाम सुसाइड नोट भी छोड़ा था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर में चिंता बढ़ा दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर क्रिकेट सट्टे का यह काला कारोबार कब रुकेगा, जो युवाओं की जिंदगी, परिवार और कारोबार सब कुछ तबाह कर रहा है।
