गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आई है। उदंती अभ्यारण्य के कोर जोन में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और मौके पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि मामला उदंती अभ्यारण्य के सीतानदी रेंज अंतर्गत जैतपुरी गांव का है, जहां वन विभाग की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
जानकारी के मुताबिक अभ्यारण्य प्रशासन ने हाल ही में कोर क्षेत्र में अतिक्रमण के मामलों को लेकर 166 लोगों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया था। सभी आरोपियों को नोटिस भी जारी किए गए थे। कुछ लोगों ने जवाब दिया था, लेकिन उनके बयान दर्ज नहीं हो पाए थे।
सूत्रों के अनुसार दो बार नोटिस मिलने के बाद आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई। इसके बाद वन विभाग ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया था।
सोमवार को वन विभाग की टीम बयान दर्ज करने जैतपुरी गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन और वन कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की।
घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते वन विभाग ने तुरंत पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
उपनिदेशक वरुण जैन ने कहा है कि हालात फिलहाल कंट्रोल में हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद वन विभाग की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
