देश की सुरक्षा में तैनात एक जवान के साथ ऐसा धोखा हुआ है, जिसने भरोसे और सिस्टम दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सामने आए इस मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
Balod जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ओडारसकरी निवासी आर्मी जवान ने गुंडरदेही स्थित एक निजी बैंक में महज 2 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। लेकिन आरोप है कि बैंक कर्मचारी ने इस आवेदन को ही ठगी का जरिया बना लिया।
बताया जा रहा है कि बैंक में पदस्थ कर्मचारी रेखराम साहू ने हेरफेर करते हुए 2 लाख की जगह 17 लाख रुपये का लोन सैंक्शन करवा दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जैसे ही यह रकम जवान के खाते में आई, आरोपी ने उसमें से 15 लाख 50 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
जवान को इस ठगी का पता तब चला, जब बैंक की ओर से लोन की किस्त जमा करने के लिए दबाव बनाया गया। जांच करने पर सामने आया कि उनके नाम पर 17 लाख रुपये का लोन निकाला जा चुका है, जबकि उन्होंने केवल 2 लाख के लिए आवेदन किया था।
ठगी का एहसास होते ही जवान ने तुरंत गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बैंक कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गुंडरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे ट्रांजैक्शन और बैंक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
यह घटना न सिर्फ एक जवान के साथ धोखा है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे सिस्टम के भीतर बैठे लोग ही भरोसे का गलत फायदा उठा सकते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में और क्या खुलासे होते हैं और आरोपी को कब तक सजा मिलती है।
